नूरपुर: 114 ग्राम चरस के साथ चम्बा के दो तस्कर गिरफ्तार
गुप्त सूचना के आधार पर CIA टीम ने भदरोया एक्साइज बैरियर के पास दी दबिश

नूरपुर : जिला नूरपुर की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (CIA) ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने भदरोया क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान दो व्यक्तियों को 114.2 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों आरोपी पड़ोसी जिले चम्बा के रहने वाले हैं।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम कंडवाल, भदरोया, डमटाल और छन्नी क्षेत्रों में गश्त व नशा विरोधी अभियान पर थी। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि नेशनल हाईवे-44 के पास एक्साइज बैरियर भदरोया के समीप दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठे हैं। सूचना थी कि उनके पास मौजूद कैरी बैग में भारी मात्रा में चरस है और वे उसे बेचने की फिराक में हैं।
स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी
पुलिस ने बिना समय गंवाए स्वतंत्र गवाहों को साथ लिया और मौके पर दबिश दी। वहां बैठे दोनों व्यक्तियों की जब तलाशी ली गई, तो उनके पास से 114.2 ग्राम चरस बरामद हुई।

आरोपियों की पहचान:
-
- बलदेव (44): पुत्र नन्द लाल, निवासी गांव मकण, तहसील चुराह (चम्बा)।
- जीत (40): पुत्र लोभी, निवासी गांव मकण, तहसील चुराह (चम्बा)।
”पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।” – कुलभूषण वर्मा, एसपी नूरपुर








