पंजाब विधानसभा के बाहर AAP और कांग्रेस विधायकों में भारी हंगामा, बाजवा पर लगा कोहनी मारने का आरोप
पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के आखिरी दिन प्रेस गैलरी के बाहर उस समय भारी हंगामा हो गया जब आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के विधायक आपस में भिड़ गए। यह विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल मीडिया को संबोधित कर रहे थे और उसी दौरान कांग्रेसी विधायकों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। झड़प के दौरान सत्ताधारी पक्ष के विधायकों ने विपक्षी दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा पर शारीरिक धक्का-मुक्की और कोहनी मारने का गंभीर आरोप लगाया।
दूसरी तरफ, कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी पर मीडिया पोडियम पर जबरदस्ती कब्जा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार सदन के अंदर और बाहर दोनों जगह विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है। सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली और नाकामियों पर तल्ख सवाल उठाए। इतना ही नहीं, बाजवा ने सुखपाल सिंह खैरा के खिलाफ पास किए गए प्रस्ताव की कॉपी को भी फाड़ कर सदन में फेंक दिया।
इसके जवाब में कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल और ‘आप’ विधायकों ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए उनके पिछले शासनकाल की नाकामियों और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। दोनों ही पक्षों के नेताओं द्वारा एक-दूसरे पर किए गए तीखे बयानी हमलों के बाद राज्य का सियासी पारा पूरी तरह गरमा गया है।










