हिमाचल: 3 महीने तक राशन न लेने वालों के राशन कार्ड हों ब्लॉक, डिपो संचालक समिति की मांग
प्रदेश के सस्ते राशन डिपुओं में लगातार तीन-तीन महीनों तक उपभोक्ताओं द्वारा राशन न उठाए जाने के कारण खाद्य सामग्री डिपुओं में ही पड़ी रहकर खराब हो रही है। इस गंभीर समस्या से जूझ रहे डिपो संचालकों ने अब कड़ा रुख अख्तियार करते हुए विभाग से मांग की है कि लगातार 3 माह तक राशन न लेने वाले उपभोक्ताओं के राशन कार्ड ब्लॉक किए जाएं।
प्रदेश डिपो संचालक समिति के प्रदेशाध्यक्ष अशोक कवि ने कहा कि कई उपभोक्ता लंबे समय तक अपने हिस्से का राशन नहीं लेते हैं। डिपुओं में पड़े रहने वाले इन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर बाद में उपभोक्ता ही सवाल उठाते हैं, जिसका खामियाजा डिपो संचालकों को भुगतना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि इसके चलते राशन की मांग तय करने में भी भारी दिक्कत आ रही है। पंजीकृत राशन कार्डों के हिसाब से मांग भेजने पर पूरा राशन नहीं उठता और डिपुओं में सामग्री फंसी रह जाती है, जबकि कम मांग भेजने पर शुरुआती उपभोक्ता राशन ले जाते हैं और नियमित रूप से लेने वाले जरूरतमंद लोग वंचित रह जाते हैं।
अशोक कवि ने कहा कि इस स्थिति से डिपो संचालकों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है क्योंकि राशन पर खर्च की गई उनकी पूंजी लंबे समय तक अटकी रहती है और इसका असर सरकार से मिलने वाले कमीशन पर भी पड़ता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे हर महीने अपना निर्धारित राशन अवश्य लें और विभाग से मांग की है कि नियमों की अनदेखी करने वाले ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान कर उनके कार्ड ब्लॉक करने की कार्रवाई की जाए।










