पशु अस्पताल तारागढ़ का 43 लाख की लागत से होगा नवनिर्माण: लाल चंद कटारूचक्क
कैबिनेट मंत्री ने विधिवत रूप से शुरू करवाया निर्माण कार्य; बोले- पिछली सरकारों की अनदेखी के कारण खंडहर बन गई थी इमारत

पठानकोट: पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने आज विधानसभा क्षेत्र भोआ के अंतर्गत आते कस्बा तारागढ़ में पशु अस्पताल के नवनिर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकारों की यह नैतिक जिम्मेदारी होती है कि वे पहले से बनी सरकारी इमारतों के रखरखाव पर ध्यान दें ताकि उन्हें खंडहर होने से बचाया जा सके।

खस्ता हालत देख लिया था संज्ञान
संबोधन के दौरान कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पिछले दिनों जब उन्होंने इस अस्पताल का दौरा किया था, तो इसकी इमारत की हालत इतनी जर्जर थी कि उन्होंने तुरंत डॉक्टरों और कर्मचारियों को सुरक्षा के लिहाज से अंदर बैठने से मना कर दिया था। उन्होंने कहा, “भवन की स्थिति ऐसी थी कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता था।”

मुख्यमंत्री ने तुरंत जारी किया बजट
कटारूचक्क ने जानकारी दी कि इस गंभीर समस्या को मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के संज्ञान में लाया गया, जिसके बाद उन्होंने बिना किसी देरी के अस्पताल के पुनर्निर्माण के लिए 43 लाख रुपये की राशि जारी कर दी। उन्होंने कहा कि जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस यह नया भवन जनता और पशुपालकों को समर्पित किया जाएगा।
”पिछली सरकारों ने जनहित के मुद्दों और बुनियादी ढांचे की ओर ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण यह ऐतिहासिक अस्पताल खंडहर में तब्दील हो गया। हमारी सरकार विकास और सुरक्षा के प्रति वचनबद्ध है।”
— लाल चंद कटारूचक्क, कैबिनेट मंत्री

इस मौके पर रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान माझ़ा जोन के सचिव नरेश कुमार सैनी, ब्लॉक समिति घरोटा के चेयरमैन पवन कुमार फौजी, जिला परिषद सदस्य गुरप्रीत कौर, किरण कुमारी, सतीश कुमार, राजेश कुमार, बलवान सिंह, सुरजीत सिंह, सुनील कुमार, जोगिंदर पाल, सरबजीत सिंह, सुनीता कुमारी सहित आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।








