जम्मू में पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग, बाल-बाल बचे; पुलिस ने आतंकी हमले से किया इनकार

जम्मू | जम्मू के होटल रॉयल पार्क में वीरवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला के कार्यक्रम स्थल से निकलते ही फायरिंग की घटना हुई। इस घटना में डॉ. अब्दुल्ला बाल-बाल बच गए, हालांकि उपमुख्यमंत्री सुरिंद्र चौधरी को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और प्राथमिक जांच में किसी भी प्रकार के ‘टेरर एंगल’ से इनकार किया है।

शादी समारोह में हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, डॉ. फारूक अब्दुल्ला जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में अपनी पार्टी के एक कार्यकर्ता (जो पेशे से वकील हैं) के बेटे के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। वह वहां करीब एक घंटे तक रुके। जैसे ही वह बैंक्वेट हॉल से बाहर निकले, तभी उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग की गई। गोलीबारी से मौके पर भगदड़ मच गई और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत घेरा बनाकर पूर्व मुख्यमंत्री को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पुलिस का बयान: कोई आतंकी साजिश नहीं
घटना के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस के एसपी साउथ, अजय शर्मा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए ट्वीट किया। उन्होंने कहा:
”यह वारदात एक शादी समारोह के दौरान हुई है, जो थाना गंग्याल के अधिकार क्षेत्र में आता है। प्रारंभिक जांच में इसमें कोई आतंकी एंगल (Terror Angle) सामने नहीं आया है। फायरिंग लाइसेंसी हथियार से की गई थी। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और विस्तृत जांच जारी है। माननीय सांसद डॉ. फारूक अब्दुल्ला पूरी तरह सुरक्षित हैं।”

उपमुख्यमंत्री को आई चोटें
हालांकि डॉ. फारूक अब्दुल्ला इस हमले में सुरक्षित रहे, लेकिन रिपोर्टों के मुताबिक, अफरा-तफरी के बीच जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंद्र चौधरी को कुछ चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।








