जम्मू: अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास धान के खेत से लावारिस ड्रोन बरामद, पुलिस जांच में जुटी
जम्मू में शनिवार शाम को अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक धान के खेत से लावारिस हालत में ड्रोन मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच कर रहे अधिकारियों के अनुसार अभी यह पता नहीं चल पाया है कि ड्रोन पाकिस्तान से आया था या इसे किसी स्थानीय व्यक्ति द्वारा संचालित किया गया था। जांच के दौरान अधिकारियों ने बताया कि शनिवार शाम करीब चार बजकर चालीस मिनट पर मखियाल गांव के निवासी विजय कुमार के खेत में यह ड्रोन दिखाई दिया। खेत में ड्रोन पड़े देखने के बाद विजय कुमार ने तुरंत कानाचक पुलिस थाने को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और उसने ड्रोन को अपने कब्जे में ले लिया। अधिकारियों के मुताबिक, ड्रोन के स्रोत, उसके संभावित उड़ान मार्ग और खेत में उसके छोड़े जाने को लेकर गहनता से जांच की जा रही है।










