नए सत्र के साथ अमन भल्ला में लौटी रौनक, ‘आरंभ-2026’ ओरिएंटेशन से हुआ नवप्रवेशी छात्रों का भव्य स्वागत
पठानकोट: अमन भल्ला ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शानदार आगाज ‘आरंभ-2026’ ओरिएंटेशन प्रोग्राम के साथ हुआ। नए सत्र की शुरुआत होते ही कॉलेज परिसर में नवप्रवेशी छात्रों की चहलकदमी और ऊर्जा से एक बार फिर रौनक लौट आई।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ संस्थान के प्रेजिडेंट रमन भल्ला, चेयरपर्सन अनु भल्ला, विशेष रूप से पहुंचे ट्रस्टी आकाश नारंग और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. पूजा ओहरी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और सरस्वती वंदना के साथ किया। इस दौरान संस्थान के प्रबंधन ने नए विद्यार्थियों को अनुशासन का महत्व समझाते हुए कॉलेज के शैक्षणिक कीर्तिमानों और यहां से उत्तीर्ण हुए पूर्व छात्रों की शानदार उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पहले दिन कॉलेज प्रबंधन और विभिन्न विभागों की ओर से नए छात्रों के स्वागत के लिए परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। ओरिएंटेशन के दौरान विद्यार्थियों को कैंपस की शैक्षणिक प्रणाली, कोर्स संरचना, परीक्षा पद्धति, पुस्तकालय, क्लब्स, सोसाइटियों, खेलकूद तथा स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं से अवगत कराया गया।
वहीं सीनियर छात्रों ने भी फ्रेशर्स का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें कैंपस की परंपराओं, गतिविधियों और अनुशासन से परिचित कराया। सुबह से ही कॉलेज परिसर में उमंग का माहौल देखने को मिला, जहां नए छात्रों में अपने भविष्य को लेकर एक विशेष आशा और उत्साह नजर आया।
कॉलेज मैनेजमेंट ने नए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए पढ़ाई के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व को निखारना बेहद जरूरी है और इसके लिए अपने संस्कारों को कभी नहीं भूलना चाहिए। संस्थान की ओर से छात्रों को एक सुरक्षित, अनुशासित और प्रेरणादायक माहौल देने का पूरा भरोसा दिया गया। इस अवसर पर प्रिंसिपल गौरव सैनी, डॉ. नीरज पूनी, डॉ. रजत अरोड़ा, डॉ. जगदीश सिंह, प्रिंसिपल डॉ. नूतन गुप्ता, डीन मैनेजमेंट तरुण ओहरी, एचओडी विक्रम सुम्ब्रिया, डीन एक्स्ट्रा एक्टिविटी सुनैना व आस्था समेत समूह स्टाफ सदस्य और शिक्षक विशेष रूप से उपस्थित रहे।












