पठानकोट की मिट्टी से निकलकर कनाडा क्रिकेट के शिखर तक: दिलप्रीत बाजवा का शानदार स्वागत

पठानकोट: स्थानीय एचडी क्रिकेट ग्राउंड में उस समय उत्साह का माहौल बन गया, जब कनाडा की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के कप्तान दिलप्रीत सिंह बाजवा अपने पुराने अभ्यास स्थल ‘एचडी क्रिकेट कोचिंग सेंटर’ पहुंचे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेरने के बाद अपनी जड़ों की ओर लौटे बाजवा का केंद्र के कोचों और नन्हे खिलाड़ियों ने भव्य स्वागत किया।
फूलों और तालियों के साथ हुआ अभिनंदन
जैसे ही दिलप्रीत सिंह बाजवा ग्राउंड पर पहुंचे, वहां मौजूद खिलाड़ियों और स्टाफ ने उनका जोरदार स्वागत किया। मुख्य कोच अशोक सर, कितनी राजा जी और राहुल ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान युवा क्रिकेटरों में अपने रोल मॉडल को सामने देखकर भारी उत्साह देखने को मिला।

“इसी ग्राउंड ने मुझे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बनाया”
भावुक होते हुए दिलप्रीत बाजवा ने अपने पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने वहां मौजूद बच्चों को संबोधित करते हुए कहा:
”आज मैं जिस भी मुकाम पर हूँ, उसकी शुरुआत इसी एचडी क्रिकेट ग्राउंड से हुई थी। यहाँ की मिट्टी और कोच साहिबान के मार्गदर्शन ने मुझे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के काबिल बनाया। आज वापस यहाँ आकर मुझे जो खुशी महसूस हो रही है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।”

युवा खिलाड़ियों को दिया सफलता का मंत्र
स्वागत समारोह के बाद दिलप्रीत ने अभ्यास कर रहे बच्चों से बातचीत की और उन्हें खेल की बारीकियां समझाईं। उन्होंने कहा कि मेहनत और अनुशासन के दम पर पठानकोट का कोई भी बच्चा दुनिया के किसी भी मैदान पर अपना परचम लहरा सकता है।








