पठानकोट के सुजानपुर में हादसों पर लगाम लगाने की पहल, एनएच-44 पर लगाए गए स्पीड ब्रेकर
पठानकोट के सुजानपुर में तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और सड़क हादसों को रोकने के लिए नगर काउंसिल ने एक अहम पहल की है। हाईवे की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की गति को नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर लगाए गए हैं,
ताकि तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों की स्पीड कम हो सके और सड़क हादसों की आशंका को कम किया जा सके। इस मौके पर नगर काउंसिल की प्रधान नीतू मन्हास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नगर काउंसिल के इस कदम की शहरवासियों ने भी खुलकर सराहना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्पीड ब्रेकर लगने से वाहन चालकों को अपनी रफ्तार कम करनी होगी, जिससे सड़क पर चलने वाले आम लोग भी सुरक्षित रहेंगे। स्थानीय समिति सदस्यों ने एनएच-44 के पुल नंबर चार और पांच पर लगातार हो रहे हादसों और बहुमूल्य जिंदगियों के नुकसान को देखते हुए नगर काउंसिल से यहाँ स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की थी।
लोगों की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर काउंसिल ने पुल नंबर चार और पांच पर स्पीड ब्रेकर बनवा दिए हैं। इसके अलावा, नागरिकों और समिति सदस्यों ने यह भी मांग की है कि इन क्षेत्रों में जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं तथा पुलिस प्रशासन की तरफ से बैरिकेड्स लगाकर पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की जाए ताकि रात के समय होने वाले हादसों से भी पूरी तरह बचाव हो सके। नगर काउंसिल के इस सकारात्मक कदम से शहर में सड़क सुरक्षा को एक नया बल मिला है।











