एबी कॉलेज के पास बिना नक्शे के बन रही बेसमेंट का निर्माण रुका, नगर निगम ने दी सील करने की चेतावनी
पठानकोट में अवैध निर्माण का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिसका ताजा मामला शहर में एबी कॉलेज के सामने एक अस्पताल के पास बन रही इमारत के रूप में सामने आया है। इस चार मंजिला निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट का नक्शा तक पास नहीं था और नगर निगम की ओर से चार दिन पहले ही निर्माण कार्य को लेकर नोटिस जारी कर दिया गया था, इसके बावजूद निर्माण कार्य धड़ल्ले से जारी रखा गया था। स्थिति यह थी कि नोटिस मिलने के बावजूद संबंधित पक्षों द्वारा नियमों को ताक पर रखकर काम चलाया जा रहा था और मौके पर निर्माण गतिविधियां बदस्तूर जारी थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम के अधिकारी और एमटीपी राकेश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। एमटीपी राकेश कुमार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि इस जोन के अंतर्गत आने वाले इस चार मंजिला अस्पताल के निर्माण और इसके पीछे चल रहे अन्य फ्लोर के कार्यों की जांच की गई। जब मौके पर खुदाई और निर्माण का काम चलता पाया गया, तो उन्होंने तुरंत काम रुकवाकर संचालकों से अनुमति पत्र और दस्तावेजों की मांग की।
जांच में सामने आया कि उनके पास निर्माण कार्य की कोई वैध परमिशन या बिल्डिंग प्लान कमेटी की मंजूरी नहीं थी। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अवैध और बिना अनुमति के निर्माण से भविष्य में किसी भी प्रकार की अनहोनी घटना या स्ट्रक्चरल दिक्कत आने पर गंभीर जोखिम पैदा हो सकता है, जिससे प्रशासनिक जिम्मेदारी बढ़ जाती है।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस इमारत को लेकर कल भी नोटिस दिया गया था और काम बंद करवाया गया था, लेकिन सूचना मिलने पर पता चला कि काम फिर से शुरू कर दिया गया है, जिसके चलते आज दोबारा मौके पर पहुंचकर काम रुकवाया गया है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि इसके बाद भी निर्माण कार्य नहीं रोका जाता है, तो उच्च अधिकारियों और कमिश्नर से अनुमति लेकर इस इमारत को सील करने की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल इस मामले में किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव की बात से इनकार करते हुए इसे नियमित चेकिंग और नियमों के पालन की प्रक्रिया बताया गया है, और नगर निगम द्वारा शहर में अन्य जगहों पर हो रहे अवैध निर्माणों पर भी इसी प्रकार सख्त रुख अपनाने की बात कही गई है।












