पठानकोट में बिना मंजूरी बन रही कमर्शियल बिल्डिंग पर पुड्डा का शिकंजा, थमाया नोटिस
पठानकोट के पंगोली चौक के पास बिना मंजूरी के बनाई जा रही एक बड़ी कमर्शियल बिल्डिंग को लेकर पुड्डा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए नोटिस जारी किया है। नियमों के मुताबिक किसी भी कमर्शियल इमारत के निर्माण के लिए पुड्डा से मंजूरी और नक्शा पास करवाना अनिवार्य होता है, लेकिन इस मामले में निर्माणकर्ताओं द्वारा विभाग के पास कोई कागजात जमा नहीं करवाए गए।
पुड्डा अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय के भीतर जरूरी दस्तावेज पेश नहीं किए गए, तो अवैध बिल्डिंग को गिराने की सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जब एएमआई न्यूज की टीम ने बिल्डिंग मालिकों से उनका पक्ष जानना चाहा, तो उन्होंने कैमरे के सामने आने और कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया। फिलहाल, पुड्डा विभाग की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।










