सुजानपुर के बिजली ग्राउंड की सुधरेगी खस्ता हालत, दशहरा पर्व को लेकर नगर कौंसिल ने संभाली कमान
सुजानपुर के कश्मीरी मोहल्ला स्थित ऐतिहासिक बिजली ग्राउंड, जो पिछले लंबे समय से खस्ता हालत में था और जहां दशहरा व रामलीला जैसे बड़े आयोजनों के दौरान लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता था, अब उसकी सुधरने की उम्मीद जग गई है।
नगर कौंसिल के आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र मनहास ने इस ग्राउंड की देखरेख अपने हाथों में लेते हुए इसकी साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करवाया है और इसे स्टेडियम के रूप में तैयार करवाया जा रहा है ताकि आने वाले दशहरा पर्व का लोग व बच्चे अच्छे से आनंद ले सकें।
इस संबंध में सूर्यवंशी राम नाटक क्लब के डायरेक्टर रामा जी और अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले कई दशकों से इस ग्राउंड में रामलीला का मंचन किया जाता रहा है और यहां जगह-जगह कूड़े के ढेर व मलबे के कारण लोगों को भारी परेशानी होती थी।
नगर कौंसिल व स्थानीय विधायक के प्रयासों से अब ग्राउंड की सफाई करवाकर इसे दशहरा उत्सव के योग्य बनाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और क्लब के सदस्यों ने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे ग्राउंड में कूड़ा या मलबा न फेंकें और इसे साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग करें ताकि युवाओं और बच्चों को खेलने के लिए एक बेहतरीन खेल मैदान मिल सके।












