शिमला में अलसुबह भूकंप के तेज झटके, रिक्टर पैमाने पर 4.3 मापी गई तीव्रता
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शनिवार सुबह भूकंप का झटका महसूस किया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप के यह झटके सुबह लगभग 4:36 बजे महसूस किए गए, जब ज्यादातर लोग अपने घरों में सो रहे थे।
अचानक धरती कांपने से डरे-सहमे लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए। रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 4.3 दर्ज की गई है। हालांकि भूकंप के झटके कुछ सेकंड के लिए ही महसूस किए गए, लेकिन इसने स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी।
एनसीएस ने बताया कि भूकंप का केंद्र शिमला में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। राहत की बात यह रही कि इस घटना से अभी तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।











