धर्मशाला को मिली 33.78 करोड़ के अत्याधुनिक आइस स्केटिंग रिंक और सीवरेज प्लांट की सौगात
धर्मशाला:मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के धर्मशाला के सकोह में 33.78 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक इंडोर आईस स्केटिंग रिंक एवं रोलर स्केटिंग रिंक की आधारशिला रख दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के बनने से धर्मशाला में विंटर स्पोर्ट्स और साहसिक पर्यटन को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी, जिससे स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों को आधुनिक खेल सुविधाएं अपने ही शहर में उपलब्ध होंगी।
इस बहुउद्देश्यीय परिसर के बेसमैंट में खिलाड़ियों के लिए जिम, बिलियर्ड्स रूम और कैफे की बेहतरीन सुविधा मिलेगी, जबकि धरातल मंजिल पर वीआईपी लाऊंज की व्यवस्था होगी। इसके अलावा आईस स्केटिंग रिंक की ऊपरी बालकनी में 1,079 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी और रोलर स्केटिंग रिंक की दर्शक दीर्घा में 250 लोग बैठकर खेल मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे। साथ ही परिसर के भीतर ही 250 वाहनों के पार्क करने की पार्किंग सुविधा भी विकसित की जाएगी, ताकि पर्यटकों और खेल प्रेमियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य में उच्च स्तर की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और इस पूरे प्रोजैक्ट को तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
खेल परिसर की आधारशिला रखने के साथ-साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने धर्मशाला शहर के विकास को गति देते हुए 982 लाख रुपए की लागत से तैयार अत्याधुनिक सीवरेज एवं सैप्टेज प्रबंधन सुविधा का भी विधिवत लोकार्पण किया है। इस नए संयंत्र की दैनिक कार्यक्षमता 60 केएलडी निर्धारित की गई है, जिसके शुरू होने से शहर के उन 7 वार्डों को आधुनिक सीवरेज सुविधा का लाभ मिलेगा, जो अब तक इस नैटवर्क से वंचित थे। इस जनहितैषी परियोजना से धर्मशाला के लगभग 7,500 परिवारों को सीधा लाभ पहुंचेगा और क्षेत्र में स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।











