मुंबई एयरपोर्ट पर CISF की बड़ी कार्रवाई: यात्री की जूतों से निकला 30 लाख से अधिक का सोना
— शारजाह से आ रहा था आरोपी यात्री, जयपुर की घरेलू उड़ान पकड़ने से पहले हुआ गिरफ्तार
— जूतों के अंदर पेस्ट फॉर्म में छिपाकर लाया गया था 300 ग्राम से ज्यादा सोना
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के सतर्क जवानों ने तस्करी के एक अनोखे मामले का भंडाफोड़ किया है। सुरक्षा जांच के दौरान जवानों ने शारजाह से आए एक यात्री के जूतों से 300 ग्राम से अधिक वजन का सोने का पेस्ट (Gold Paste) बरामद किया है। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए इस सोने की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 37 लाख रुपए आंकी गई है।
कैसे हुआ खुलासा?
अधिकारियों ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी यात्री हाल ही में शारजाह से एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान के जरिए मुंबई एयरपोर्ट पर उतरा था। इसके बाद वह जयपुर जाने वाली एक घरेलू उड़ान (Domestic Flight) पकड़ने के लिए ट्रांजिट एरिया में था और अपनी सुरक्षा जांच करवा रहा था।
जांच के दौरान CISF के जवानों को उसकी हरकतों और जूतों पर संदेह हुआ। जब गहराई से तलाशी ली गई, तो उसके जूतों के अंदर विशेष तरीके से छिपाकर रखा गया सोने का पेस्ट मिला। अधिकारियों ने सोने को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।
आगे की जांच जारी
तस्करी के इस मामले में सुरक्षा एजेंसियों और कस्टम विभाग ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि वह इस सोने को कहां से लेकर आया था और इसे जयपुर में किसे डिलीवर किया जाना था। सुरक्षा एजेंसियों यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इस तस्करी के पीछे किसी बड़े सिंडिकेट का हाथ है।











