पठानकोट में शिवसेना नेता के भाई के कत्ल की गुत्थी सुलझी, दो सगे भाई गिरफ्तार और हत्या में इस्तेमाल बल्ला बरामद
पठानकोट पुलिस ने थाना डिवीजन नंबर-2 के अंतर्गत शिवसेना नेता रवि शर्मा के भाई की हत्या के मामले को सुलझाते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया लकड़ी का बल्ला भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह मामला लक्ष्मी गार्डन कॉलोनी निवासी रवि कुमार शर्मा के बयानों पर उसके भाई जितेंद्र शर्मा की मौत के संबंध में दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी और खुलासे की जानकारी एसपी विजय पाल सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी, जहां उनके साथ सीआईए इंचार्ज मंदीप सलगोत्रा और थाना डिवीजन नंबर-2 के एसएचओ विजय कुमार भी मौजूद रहे।
एसपी विजय पाल सिंह ने बताया कि 26 सितंबर को शाम करीब चार बजे जितेंद्र शर्मा अपने घर में संदिग्ध हालात में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। उन्हें तुरंत इलाज के लिए रंधावा अस्पताल पठानकोट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में मौत का सही कारण स्पष्ट न होने के कारण पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू की थी। इसके बाद सीआईए इंचार्ज मंदीप सलगोत्रा द्वारा की गई गहन जांच के दौरान यह बात सामने आई कि प्रेम नगर पठानकोट निवासी सुशील शर्मा उर्फ करन, जो मृतक के साथ ही काम करता था, इस मामले में संलिप्त है। एकत्र किए गए पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने उसे 28 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद आगे की तफ्तीश के दौरान सुशील शर्मा के भाई हेमंत शर्मा उर्फ हैप्पी की भी वारदात में मिलीभगत सामने आई, जिसे पुलिस ने एक अक्टूबर को कानून के मुताबिक गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान मृतक के सिर, माथे, खब्बी आंख, नाक और गर्दन पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे। हत्या की इस वारदात में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का बल्ला मुख्य आरोपी सुशील शर्मा उर्फ करन की निशानदेही पर बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस सनसनीखेज मामले की आगे की जांच अभी जारी है।











