पीएम मोदी की अपील का असर! अगस्त में सोने के आयात में 57% की भारी गिरावट, देश के निर्यात ने तोड़े सभी रिकॉर्ड
- भारत का वस्तु निर्यात 26.1% बढ़कर 43.81 अरब डॉलर पर पहुंचा; व्यापार घाटे में भी आई राहत।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का देशवासियों पर गहरा असर दिखाई दे रहा है। विदेशी मुद्रा और डॉलर बचाने के लिए की गई प्रधानमंत्री की अपील के बाद देश में लोगों ने सोने से दूरी बनानी शुरू कर दी है, जिसके शानदार नतीजे सामने आए हैं।
सरकार द्वारा जारी नए आंकड़ों के मुताबिक, देश का विदेश व्यापार बेहद मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। अगस्त महीने में भारत का सोने का आयात सालाना आधार पर 57.7 फीसदी घटकर महज 2.3 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया, जबकि पिछले साल अगस्त 2025 में यह 5.4 अरब डॉलर था।
दूसरी ओर, देश के निर्यात मोर्चे पर ऐतिहासिक सफलता मिली है। अगस्त महीने में भारत का वस्तु निर्यात सालाना आधार पर 26.1 फीसदी की छलांग लगाकर 43.81 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। देश के निर्यात इतिहास में यह अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है।
निर्यात क्षेत्र में लगातार मजबूती
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने इन आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि निर्यात वृद्धि की रफ्तार लगातार बनी हुई है और इसमें और तेजी आ रही है। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष के पहले 5 महीनों में आयात में वृद्धि, मजबूत घरेलू आर्थिक विस्तार, ऊर्जा की बढ़ती जरूरतों और विनिर्माण क्षेत्र के तेज विकास को बनाए रखने के लिए जरूरी कच्चे माल की मांग के कारण हुई है।
व्यापार घाटे में कमी और मुख्य आंकड़े
- अगस्त में देश का व्यापार घाटा घटकर 26.86 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल इसी अवधि में 27.22 अरब डॉलर था। इस साल जुलाई में व्यापार घाटा 32 अरब डॉलर था।
- अगस्त में वस्तु आयात सालाना आधार पर 26 फीसदी बढ़कर 72.67 अरब डॉलर पर रहा, जो जुलाई में 76.22 अरब डॉलर था। वहीं, जुलाई में निर्यात 44.24 अरब डॉलर पर था।
- भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में भारत का चालू खाता घाटा (CAD) 4.2 अरब डॉलर यानी जीडीपी का महज 0.5 फीसदी रहा। पश्चिम एशिया संकट के कारण वैश्विक बाजार में तेल, एलपीजी और उर्वरक की कीमतें बढ़ने के बावजूद यह स्थिति नियंत्रण में है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में सीएडी का अनुमान जीडीपी का 0.4 फीसदी था।











