कनाडा में मशहूर पंजाबी गायक एमी विर्क के काफिले पर फायरिंग, शो से लौटते समय हुआ हमला
कनाडा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता एमी विर्क (Ammy Virk) की गाड़ी पर कनाडा के एबट्सफोर्ड में अंधाधुंध फायरिंग की गई है। गनीमत ये रही कि इस जानलेवा हमले में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है और सभी सुरक्षित हैं।
- घटना का समय और स्थान: यह सनसनीखेज घटना शनिवार देर रात करीब 11 बजे कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित एबट्सफोर्ड के मैक्कलम रोड (McCallum Road) के 2500-ब्लॉक में घटी।
- कैसे हुआ हमला: सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एमी विर्क एबट्सफोर्ड में अपना लाइव शो खत्म करने के बाद अपनी रोल्स रॉयस कार (काफिले की गाड़ी) में सवार होकर लौट रहे थे। उसी दौरान पीछे से आए एक काले रंग की एसयूवी (SUV) गाड़ी में सवार अज्ञात हमलावरों ने उनके काफिले को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
- बुलेटप्रूफ गाड़ी ने बचाई जान: शुरुआती जानकारी के अनुसार, जिस गाड़ी पर गोलियां बरसाई गईं, वह बुलेटप्रूफ थी। गाड़ी पर करीब 7 गोलियां लगने के निशान मिले हैं और इसके शीशे टूट गए। गाड़ी बुलेटप्रूफ होने के कारण बड़ा टाल गया और अंदर बैठे सभी लोग सुरक्षित बच गए।
- पुलिस कार्रवाई और जांच: घटना की सूचना मिलते ही एबट्सफोर्ड पुलिस विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके को घेरकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। एबट्सफोर्ड पुलिस के मेजर क्राइम यूनिट (Major Crime Unit) ने इस पूरे मामले की कमान संभाल ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह एक टारगेटेड हमला लग रहा है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और डैशकैम वीडियो खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद से पंजाबी संगीत जगत और प्रशंसकों में चिंता का माहौल है।











