पठानकोट के डलहौजी रोड पर अवैध कब्जों के बाद प्रवासियों का हाई वोल्टेज ड्रामा, वीडियो वायरल होने से क्षेत्र में बढ़ा तनाव
पठानकोट के डलहौजी रोड पर अवैध कब्जों और उसके बाद प्रवासियों के बीच हुए हंगामे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। हाल ही में सामने आए वीडियो फुटेज में कुछ प्रवासी सार्वजनिक स्थल पर आपस में तीखी बहस और हिंसक झड़प करते नजर आ रहे हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी रोष है।
कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में कथित अवैध कब्जों को लेकर खबरें प्रसारित हुई थीं, जिसके बाद अब इस तरह की हंगामेदार वीडियो सामने आने से सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंजाब में रोजगार की तलाश में बाहर से आ रहे प्रवासियों की पुलिस सत्यापन (Verification) और गहन पूछताछ में ढिलाई बरती जा रही है, जिसके कारण सार्वजनिक स्थानों पर ऐसी घटनाएं आम हो रही हैं। नागरिकों ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से मांग की है
कि इस तरह की घटनाओं का तुरंत संज्ञान लिया जाए, अवैध कब्जों पर सख्ती से रोक लगाई जाए तथा नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि शहर का माहौल खराब न हो।












