जम्मू-कश्मीर: बडगाम के यूसमर्ग जंगलों में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, दो आतंकियों के छिपे होने की आशंका
श्रीनगर:जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल यूसमर्ग के ऊपरी पहाड़ी और जंगली क्षेत्रों में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। इलाके में दो से तीन आतंकियों के छिपे होने की आशंका जताई जा रही है, जिनका संबंध पाकिस्तान से बताए जा रहा है।
सुरक्षाबलों को यूसमर्ग के जंगलों में संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधि की खास खुफिया जानकारी मिली थी। इस इनपुट के आधार पर सेना की पैरा कमांडो, राष्ट्रीय राइफल्स (RR), पुलिस और सीआरपीएफ (CRPF) के संयुक्त दलों ने इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान (CASO) शुरू किया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान जब सुरक्षाबल संदिग्ध ठिकाने के करीब पहुंचे, तो छिपे हुए आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिससे मुठभेड़ शुरू हो गई।
सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर
शुरुआती गोलीबारी के बाद अंधेरे और घने जंगलों का फायदा उठाकर आतंकी भागने की कोशिश न कर सकें, इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मौके पर तुरंत रवाना किया गया। पूरे इलाके को चारों तरफ से पूरी तरह घेर लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और इलाके में कड़ा पहरा बिठाकर आतंकवादियों की धरपकड़ के लिए अभियान तेजी से चलाया जा रहा है।











