दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल का बड़ा खुलासा: ‘ऑपरेशन समीरा’ के तहत ISI के लिए जासूसी करने वाला युवा दंपती गिरफ्तार
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI समर्थित एक बड़े जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। ‘ऑपरेशन समीरा’ के तहत पुलिस ने पाकिस्तान को संवेदनशील सामरिक जानकारियां भेजने के आरोप में एक युवा दंपती को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय साहिल (निवासी- चांद बीबी कैंप, सराय काले खां, दिल्ली) और उसकी 21 वर्षीय पत्नी समीरा के रूप में हुई है। समीरा नोएडा के एक कॉल सेंटर में कार्यरत है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह जोड़ा साल 2024 से लगातार पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था और भारत की सुरक्षा से जुड़ी बेहद संवेदनशील सामरिक जानकारियां कराची व इस्लामाबाद भेज रहा था।
दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजे गए 8 भारतीय SIM कार्ड
पुलिस जांच के मुताबिक, इस दंपती ने स्थानीय स्तर पर 8 भारतीय SIM कार्ड हासिल किए। इन SIM कार्ड्स को साल 2024 और 2025 के दौरान दुबई के गुप्त रास्तों से पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर्स तक पहुंचाया गया। इसके एवज में हैंडलर्स द्वारा उन्हें 30,000 रुपये दिए जाने का खुलासा हुआ है। इन नंबरों का इस्तेमाल पाकिस्तान में WhatsApp अकाउंट एक्टिवेट करने के लिए किया गया, जिनका उपयोग भारतीय नागरिकों से संपर्क साधने, संवेदनशील जानकारियां जुटाने और भारतीय WhatsApp ग्रुप्स में सेंध लगाने के लिए किया जा रहा था।
सैन्य इलाकों की रेकी और संवेदनशील सूचनाएं लीक
पुलिस का आरोप है कि साहिल को पाकिस्तान की ओर से भारतीय सेना से जुड़े फील्ड ऑपरेशन्स की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उसने देश के कई राज्यों में स्थित छावनी (कैंटोनमेंट) इलाकों की निगरानी कर तस्वीरें और सामरिक जानकारियां जुटाईं। इसके अलावा, जांच में यह भी सामने आया है कि साहिल ने ट्रिब्यूनल के सामने कोर्ट-मार्शल की कार्यवाही का सामना कर रहे सेना के जवानों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां भी साझा की थीं।
इंस्टाग्राम के ज़रिए जुड़े थे पाकिस्तानी एजेंट से
पुलिस के अनुसार, साहिल साल 2024 में इंस्टाग्राम के ज़रिए एक पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में आया था। यह संपर्क कथित तौर पर समीरा के माध्यम से हुआ था, जिससे साहिल की मुलाकात शादी से पहले 2022 में हुई थी। बाद में पाकिस्तानी एजेंटों ने पैसों का लालच देकर इस जोड़े को अपने नापाक नेटवर्क का हिस्सा बना लिया।
आरोपियों का प्रोफाइल:
- साहिल (जन्म वर्ष 2001): IGNOU से बीए पास साहिल एक वकील के पास क्लर्क के तौर पर काम करता था और एलएलबी की तैयारी कर रहा था। जून 2025 में नौकरी छोड़ने के बाद वह बेरोजगार था।
- समीरा (जन्म वर्ष 2005): केशव पुरम के कन्या विद्यालय से 12वीं की पढ़ाई के बाद कॉरेस्पोंडेंस से स्नातक करने वाली समीरा गिरफ्तारी के वक्त नोएडा के एक कॉल सेंटर में नौकरी कर रही थी।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल का कहना है कि इस दंपती की गिरफ्तारी से पाकिस्तान स्थित इंटेलिजेंस नेटवर्क और भारत में उसके गुप्त संपर्कों के बारे में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, और मामले की गहराई से छानबीन जारी है।











