ऊधमपुर के रामनगर में दो संदिग्ध दिखे, सुरक्षा बलों ने चलाया संयुक्त सर्च ऑपरेशन
ऊधमपुर / जम्मू:जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले के रामनगर वन क्षेत्र में रविवार को दो अज्ञात संदिग्ध व्यक्तियों के देखे जाने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर एक संयुक्त तलाशी अभियान (सर्च ऑपरेशन) शुरू कर दिया है।
अधिकारियों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की एक संयुक्त टीम ने ‘जोफर’ क्षेत्र को चारों तरफ से घेर लिया है। संदिग्धों का सुराग लगाने और किसी भी संभावित सुरक्षा खतरे को टालने के लिए बड़े पैमाने पर छानबीन की जा रही है।
कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर मौजूद हैं और पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र से गुजरने वाले सभी वाहनों की भी सघन चेकिंग की जा रही है।











