गुरदासपुर: दो नामी स्कूलों को ईमेल से मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
गुरदासपुर:गुरदासपुर के दो प्रसिद्ध स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और दोनों स्कूलों की सुरक्षा बेहद सख्त कर दी गई।
सूचना मिलते ही एसएसपी गुरदासपुर आदित्य खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने एंटी-साबोटाज (Anti-Sabotage) टीमों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी की अगुवाई में पुलिस बल ने किसी भी खतरे की आशंका को दूर करने के लिए दोनों स्कूलों के कोने-कोने की बारीकी से छानबीन की।
तलाशी में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु
गहन तलाशी अभियान के दौरान स्कूलों से कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस के साइबर विशेषज्ञ धमकी भरे ईमेल के स्रोत और भेजने वाले का पता लगाने में जुट गए हैं।
छह महीने पहले भी मिली थी ऐसी ही धमकी
गौरतलब है कि लगभग छह महीने पहले भी गुरदासपुर के कुछ नामी स्कूलों को इसी तरह बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिससे शहर में दहशत का माहौल बन गया था। इस ताजा घटना के बाद पुलिस पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।











