अयोध्या राम मंदिर के शिखर पर आज पीएम मोदी फहराएंगे ध्वज, भव्य समारोह की तैयारी पूरी

अयोध्या। राम नगरी अयोध्या में आज एक और ऐतिहासिक दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अयोध्या पहुंचेंगे और दोपहर 12 बजे राम मंदिर के शिखर पर एक विशाल ध्वज फहराएंगे। यह ध्वज श्री राम जी के आदर्शों का प्रतीक होगा, जैसा कि पीएम मोदी ने अपने एक बयान में कहा था। इस भव्य आयोजन को लेकर राम नगरी को 1000 क्विंटल फूलों से सजाया गया है।
1000 VIP मेहमान होंगे शामिल
इस महत्वपूर्ण समारोह में शामिल होने के लिए उद्योग, खेल, साहित्य और बॉलीवुड जगत के लगभग 1 हज़ार VIP मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। साथ ही, राम मंदिर निर्माण में 2 करोड़ से अधिक दान देने वाले 100 दान दाताओं को भी विशेष निमंत्रण भेजा गया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संघ प्रमुख मोहन भागवत पहले ही मंदिर परिसर पहुंच चुके हैं

तूफान में भी सुरक्षित रहेगा ध्वज
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के जनरल सेक्रेटरी चंपत राय के अनुसार, मेहमानों के बैठने के लिए 19 ब्लॉकों में कुर्सियां लगाई गई हैं और उनकी श्रेणियों के अनुसार अलग-अलग रंगों के पंडाल तैयार किए गए हैं। समन्वय टीम नाश्ता, प्रसाद और दर्शन की व्यवस्था संभालेगी।
मंदिर पर फहराया जाने वाला यह विशेष ध्वज 22 फीट लंबा और 12 फीट चौड़ा है, जिसका वज़न लगभग 3 किलो है। यह ध्वज डिफेंस मिनिस्ट्री की गाइडलाइन के मुताबिक गुजरात के अहमदाबाद के एक पैराशूट स्पेशलिस्ट द्वारा तैयार किया गया है। इसकी खासियत यह है कि यह भयानक तूफान में भी सुरक्षित रहेगा और हवा बदलने पर बिना उलझे पलट जाएगा।
पीएम मोदी करेंगे गर्भगृह में पूजा-अर्चना
ध्वजारोहण के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना भी करेंगे।

गौरतलब है कि राम मंदिर का उद्घाटन 22 जनवरी 2024 को किया गया था, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में मेहमान शामिल हुए थे। मंदिर अब पूरी तरह से तैयार है और आज शिखर पर ध्वज फहराने के साथ यह आयोजन संपन्न होगा।








