गुदासपुर-कलानौर रोड पर कूड़े के ढेर में मिले राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे), समाजसेवियों और स्थानीय लोगों में गहरा रोष
गुदासपुर-कलानौर रोड पर स्थित डी-मार्ट के बिल्कुल सामने कूड़े के डंप पर भारी मात्रा में देश के राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) पड़े मिले। इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों में गहरा रोष फैल गया।
मामले की सूचना मिलते ही समाजसेवी मौके पर पहुंचे और उन्होंने कूड़े के ढेर में पड़े राष्ट्रीय ध्वजों को पूरे आन-बान-शान और सम्मान के साथ वहां से उठाया और सही तरीके से तय (फोल्ड) करके अपने पास सुरक्षित रखा। मौके पर पहुंचे रिक्की महंत, वरुण मिट्टू, राजू महाजन, प्रवीण कुमार और शिव दुग्गल ने मीडिया और पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा यह हमारे गुरदासपुर और पूरे देश के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक घटना है।
जिस तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा के लिए हमारे बुजुर्गों, सैनिकों और शहीदों ने कुर्बानियां दी हैं, उसे कुछ बेवकूफ या शरारती तत्वों द्वारा कूड़े के ढेर में फेंक दिया गया। यह शहर का माहौल खराब करने और शांति भंग करने की एक सोची-समझी साजिश हो सकती है। समाजसेवियों ने ऐलान किया कि वे सभी बरामद तिरंगे को सम्मानपूर्वक डिप्टी कमिश्नर या तहसीलदार के समक्ष जमा कराएंगे और एक लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे।
स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मुख्य मार्ग पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस प्रशासन को तुरंत सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी चाहिए ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस घिनौनी हरकत को अंजाम देने वाला व्यक्ति या संस्था कौन है।
इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन और नगर काउंसिल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कलानौर रोड पर डी-मार्ट के पास स्ट्रीट लाइटों का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है। रात होते ही सड़क पर अंधेरा छा जाता है, जिसका फायदा उठाकर शरारती तत्व ऐसी आपराधिक व असामाजिक वारदातों को अंजाम देकर निकल जाते हैं। निवासियों ने चेतावनी दी है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।










