चंबा में सनसनीखेज वारदात: 22 वर्षीय युवक ने घर के अंदर फंदा लगाकर की आत्महत्या, इलाके में शोक की लहर
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां उपतहसील पुखरी के तहत ग्राम पंचायत कंदला के बनगाटी गांव में 22 वर्षीय एक युवक ने घर के अंदर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस अचानक हुई घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान सुधीर कुमार (22) पुत्र निवासी गांव बनगाटी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुधीर बुधवार रात को अपने घर आया और कुछ देर बाद अपने कमरे में चला गया। कमरे में जाने के बाद उसने तेज आवाज में वूफर बजा दिया। काफी देर तक जब कमरे से गाने बजते रहे और वह बाहर नहीं आया, तो अनहोनी की आशंका के चलते सुधीर की मां कमरे की तरफ देखने गईं।
कमरे के दरवाजे और खिड़कियां अंदर से पूरी तरह बंद थीं। जब मां ने खिड़की के शीशे से भीतर झांककर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि सुधीर का शव फंदे से लटक रहा था। मां की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और आनन-फानन में सुधीर को नीचे उतारकर तुरंत चंबा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए साक्ष्य जुटाए। मामले की पुष्टि करते हुए चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल, अभी तक आत्महत्या के असली कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।










