परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस की कमान, पार्टी को मजबूत करने और लोगों की सेवा करने का संकल्प
चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस इकाई में चल रही अंदरूनी खींचतान और फेरबदल के बीच पार्टी हाईकमान ने बड़ा कदम उठाते हुए पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान और विधायक परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद की गई है, जिन्हें विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले राज्य की कमान सौंपी गई है।
अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद शनिवार को परगट सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर पार्टी लीडरशिप का आभार जताया। उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और पंजाब कांग्रेस इंचार्ज सचिन पायलट समेत सभी वरिष्ठ नेताओं का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वह पंजाब में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और राज्य के लोगों की सेवा के लिए पूरी लगन और प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।
61 वर्षीय परगट सिंह दोआबा क्षेत्र के जालंधर कैंट से तीन बार के विधायक हैं और पूर्व में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। राजनीति में आने से पहले वह भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रह चुके हैं और उन्होंने 1992 तथा 1996 के ओलंपिक खेलों में भारतीय टीम का नेतृत्व किया था। अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत शिरोमणि अकाली दल से करने वाले परगट सिंह को ऐसे समय में पार्टी की बागडोर मिली है जब राज्य यूनिट में गुटबाजी और खींचतान से आगामी विधानसभा चुनावों के कैंपेन के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही थी।
शुक्रवार देर रात जालंधर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए परगट सिंह की पत्नी बरिंदर प्रीत कौर ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनके पति खेल पृष्ठभूमि से आते हैं और उन्होंने जीवन में हर कार्य दृढ़ संकल्प के साथ पूरा किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता बदलाव चाहती है और आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को फिर से सत्ता में लेकर आएगी। इस नियुक्ति के बाद राज्य कांग्रेस के कई अन्य नेताओं ने भी परगट सिंह को शुभकामनाएं दी हैं।











