दरकोटी में आयोजित हुआ शिक्षा संवाद एवं शिक्षक दिवस समारोह
दरकोटी— राजकीय प्राथमिक पाठशाला दरकोटी में शनिवार को शिक्षा संवाद एवं शिक्षक दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) की अध्यक्षा श्रीमती आशा कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के सर्वांगीण विकास और शैक्षणिक सुधार पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विद्यालय प्रभारी सुनील जरियाल ने शिक्षा संवाद के उद्देश्यों और विद्यालय के विकास में अभिभावकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। बैठक के दौरान विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा, बुलिंग की रोकथाम और दिव्यांग बच्चों के लिए समावेशी माहौल बनाने जैसे गंभीर विषयों पर मंथन हुआ। साथ ही स्मार्ट कक्षाओं, ई-लर्निंग, डिजिटल तकनीक और पुस्तकालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर शिक्षक दिवस भी धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए शिक्षकों का पेन, स्वयं बनाए गए कार्ड, चॉकलेट और फूलों से स्वागत किया। खास बात यह रही कि बच्चों ने स्वयं शिक्षक की भूमिका निभाते हुए कविता वाचन, कक्षा संचालन, गृह कार्य देने, कॉपियां जांचने और मध्यान भोजन (MDM) व्यवस्था जैसी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया।
कार्यक्रम में वार्ड पंच श्रीमती हितेश कुमारी, शीला कुमारी, शशिकला, दिनेश कुमार, कुंता देवी, चरणदास, अमित कुमार, नवीन कुमार और सिलो देवी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय प्रभारी सुनील जरियाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की प्रगति के लिए समुदाय के निरंतर सहयोग की अपील की।












