AMI News: पानी की किल्लत पर फूटा लोगों का गुस्सा, शाहपुर कंडी–धार रोड किया जाम

पठानकोट:पठानकोट के थड़ा ऊपरला गाँव में पिछले 10 दिनों से पीने के पानी की सप्लाई पूरी तरह से बंद है, जिसके कारण स्थानीय निवासियों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है। पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे ग्रामीणों का गुस्सा आज उस समय फूट पड़ा जब उन्होंने शाहपुर कंडी–धार रोड पर धरना देकर सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रशासन की अनदेखी से नाराज हैं ग्रामीण
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने पानी की इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन अभी तक इसका कोई समाधान नहीं निकाला गया है। इसी अनदेखी से परेशान होकर आज उन्हें मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा।

पानी के साथ बिजली कटौती भी बनी आफत
प्रदर्शन में शामिल ब्लॉक समिति (धार ब्लॉक) सदस्य लक्ष्मी देवी ने बताया कि गाँव में पानी की समस्या पिछले कई सालों से बनी हुई है। भीषण गर्मी के इस मौसम में भी लोगों को 7 से 8 दिनों के बाद पानी सप्लाई किया जा रहा है, जिससे पीने तक का पानी पूरा नहीं हो पा रहा। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जनता की मूल जरूरतें आज भी अधूरी हैं। पानी के साथ-साथ गाँव में बिजली की भी भारी किल्लत है। पूरा-पूरा दिन बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं और रात को भी बिजली गायब रहती है।

टैंकरों के जरिए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग
गाँव के निवासी कुलदीप सिंह ने बताया कि प्रशासन को इस समस्या की कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि इसके लिए पैसे पास हो चुके हैं, लेकिन काम शुरू होने में समय लगेगा। कुलदीप सिंह ने सवाल उठाया कि जब तक स्थाई काम पूरा नहीं होता, तब तक प्रशासन को वैकल्पिक तौर पर टैंकरों के माध्यम से गाँव में पानी की सप्लाई सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि लोगों को इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके।
स्थाई समाधान होने तक जारी रहेगा धरना
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक पानी की समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं किया जाता और प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आकर ठोस आश्वासन नहीं देता, तब तक यह धरना समाप्त नहीं होगा। इस प्रदर्शन के दौरान गाँव के सरपंच, बीडीसी सदस्य लक्ष्मी देवी, पंचायत सदस्य काजल देवी, सोनिया, संदेश, ज्योति, संचू सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।








