यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस सख्त, खड्डी पुल पर नाकेबंदी कर काटे चालान

पठानकोट: शहर में कानून और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए डिवीजन नंबर 1 की पुलिस ने उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार खड्डी पुल पर विशेष नाकेबंदी की। इस दौरान पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहनों की सख्ती से चेकिंग की और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के मौके पर ही चालान काटे।
डिवीजन नंबर 1 के पुलिस अधिकारी विमल कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, बिना नंबर प्लेट और अधूरे कागजात वाले वाहनों पर सख्त एक्शन लिया जा रहा है। इसके साथ ही गलत दिशा (wrong side) से आने वाले भारी वाहनों (heavy vehicles) के भी चालान काटे गए हैं।

नाबालिकों को वाहन न सौंपने की अपील
अधिकारी विमल कुमार ने जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूरी तरह से पालन करें, उचित ड्रेस कोड अपनाएं और अपने नाबालिक बच्चों (18 साल से कम उम्र) को वाहन न सौंपें। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि बच्चों का पहले लाइसेंस बनवाएं, उससे पहले उन्हें गाड़ी चलाने के लिए न दें।

नशे में गाड़ी चलाने वालों पर पैनी नज़र
पुलिस ने चेतावनी दी है कि आजकल युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन को देखते हुए, ड्रिंक एंड ड्राइव (शराब पीकर गाड़ी चलाना) करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। ऐसे चालकों की चेकिंग के लिए अल्कोमीटर (Alcometer) का उपयोग किया जा रहा है और दोषी पाए जाने पर ऑन-द-स्पॉट चालान काटा जाएगा। पुलिस का यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








