हिमाचल के 1966 सरकारी स्कूलों को मिलेंगे 3932 चौकीदार और सफाई कर्मचारी, दीवाली के बाद शुरू होगी नियुक्ति प्रक्रिया
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में जल्द ही सुरक्षा और स्वच्छता की व्यवस्था और बेहतर होने जा रही है। हिमाचल प्रदेश स्टेट इलैक्ट्रॉनिक्स डिवैल्पमैंट कॉर्पोरेशन (एचपीएसईडीसी) दीवाली के त्योहार के बाद राज्य के 1966 सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में आउटसोर्स आधार पर 3932 कर्मचारियों की नई नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है।
शिक्षा विभाग से स्कूलों की सूची और आवश्यक दस्तावेज प्राप्त होने के बाद निगम ने इस कार्य को गति देते हुए संबंधित कंपनियों को काम आबंटित कर दिए हैं।
दीवाली के बाद आउटसोर्स कंपनियां इन स्कूलों में चौकीदारों और सफाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करेंगी। प्रक्रिया पूरी होते ही चयनित कर्मचारियों को तुरंत संबंधित स्कूलों में तैनाती दे दी जाएगी। विभाग द्वारा तैयार की गई योजना के अनुसार प्रदेश के प्रत्येक चयनित स्कूल में 2 नियुक्तियां की जाएंगी, जिनमें 1966 पद चौकीदार और 1966 पद सफाई कर्मचारियों के शामिल हैं। इस पहल से लंबे समय से चली आ रही कर्मचारियों की कमी दूर होगी, जिससे स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ साफ-सफाई का माहौल भी बेहतर हो सकेगा।










