पठानकोट में पंजाब पुलिस का कांस्टेबल लापता, यूबीडीसी नहर किनारे मिली थार गाड़ी
गुरदासपुर में तैनात था 22 वर्षीय युवराज, दो दिनों से मोबाइल बंद; एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीमें तलाश में जुटीं

पठानकोट/गुरदासपुर:पठानकोट से पंजाब पुलिस के एक कांस्टेबल के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घर से बिना बताए निकले कांस्टेबल का दो दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है, जबकि उसकी थार गाड़ी यूबीडीसी (Ubdc) नहर के किनारे लावारिस हालत में बरामद हुई है। आशंका जताई जा रही है कि कांस्टेबल नहर में गिर गया है। फिलहाल, पुलिस और बचाव दल उसकी सरगर्मी से तलाश कर रहे हैं।
11 तारीख से लापता था पुलिसकर्मी
लापता पुलिसकर्मी की पहचान 22 वर्षीय युवराज निवासी इंदिरा कॉलोनी के रूप में हुई है। युवराज के भाई नितिन ने बताया कि वह बीती 11 तारीख को बिना बताए घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। परिजन अपने स्तर पर उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने सूचना दी कि युवराज की थार गाड़ी धीरा पुल के पास नहर किनारे खड़ी है। इसके बाद परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी।

पिता की जगह मिली थी नौकरी
पारिवारिक पृष्ठभूमि के अनुसार, युवराज के पिता भी पंजाब पुलिस में सेवा दे चुके थे। करीब 4 साल पहले उनके निधन के बाद, युवराज को 2024 में तरस के आधार (Compassionate Ground) पर पंजाब पुलिस में कांस्टेबल के पद पर नौकरी मिली थी। उसकी पहली पोस्टिंग गुरदासपुर थाने में थी।

धीरा से लेकर माजरा तक व्यापक सर्च ऑपरेशन
युवराज के मित्र जतिन और स्थानीय निवासियों के मुताबिक, जैसे ही गाड़ी मिलने की सूचना मिली, पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। पुलिस ने थार गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया है। युवराज का मोबाइल फोन पिछले दो दिनों से लगातार बंद आ रहा है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।
लापता कांस्टेबल की तलाश के लिए एसडीआरएफ (SDRF) और विशेष गोताखोरों की टीमों को काम पर लगाया गया है। यूबीडीसी नहर में धीरा पुल से लेकर माजरा तक एक व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
मामले की गंभीरता से जांच जारी: डीएसपी
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी संजीव ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। गोताखोरों की टीमें लगातार नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और युवराज को सुरक्षित ढूंढने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह कोई हादसा है या इसके पीछे कोई और कारण है।








