वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

शिमला के प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर में बड़ी चोरी: गर्भगृह से चांदी के मुकुट और सोने की नथ ले उड़े चोर, श्रद्धालुओं में भारी रोष

शिमला के प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर में बड़ी चोरी: गर्भगृह से चांदी के मुकुट और सोने की नथ ले उड़े चोर, श्रद्धालुओं में भारी रोष

​शिमला के प्रसिद्ध एवं आस्था के प्रमुख केंद्र संकट मोचन मंदिर में बेखौफ चोरों ने सेंधमारी कर चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने देर रात मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मंदिर से चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण तथा दानपात्र में रखी नकदी चुराकर मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, जिला शिमला के इस प्रतिष्ठित धार्मिक स्थल पर हुई इस घटना के तहत चोर गर्भगृह से भगवान के चांदी के तीन मुकुट, माता सीता की लगभग एक तोला वजनी सोने की नथ और दानपात्र से नकदी चुराकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में बीएनएस की धारा 331(4) व 305(डी) के तहत मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई और जांच शुरू कर दी गई है।

​इस घटना की भनक रविवार सुबह उस समय लगी जब मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ देखा गया। अंदर जाकर स्थिति का जायजा लेने पर पता चला कि गर्भगृह से कीमती चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण और दानपात्र की नकदी पूरी तरह गायब थी। इसके तुरंत बाद सुरक्षा कर्मी ने मंदिर प्रबंधन को इस गंभीर घटना की सूचना दी, जिसके बाद आनन-फानन में शिमला पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे मंदिर परिसर को सील कर गहन जांच शुरू कर दी। संदिग्धों का सुराग लगाने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध की तस्वीर कैद पाई गई है, इसके साथ ही फोरैंसिक टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

​दिन-रात श्रद्धालुओं की निरंतर आवाजाही वाले इतने बड़े और प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर हुई इस दुस्साहसिक चोरी से स्थानीय लोगों और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं में गहरा रोष व्याप्त है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि पुलिस प्रशासन जल्द से जल्द चोरों का सुराग लगाकर सारा चोरी हुआ सामान सुरक्षित बरामद करे और भविष्य के लिए मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था के कड़े एवं पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करे ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

​इस पूरे घटनाक्रम पर जानकारी देते हुए एएसपी मेहर पंवर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है। मामला दर्ज कर आसपास के तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला गया है जिनमें एक संदिग्ध साफ तौर पर कैद हुआ है। इस संदिग्ध की जानकारी सभी संबंधित थानों और चौकियों को दे दी गई है तथा चोरों का सुराग लगाने के लिए पुलिस की तरफ से गहनता से कार्रवाई जारी है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी और वे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Ami News
Author: Ami News

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!