कैम्बेल रोड पर जर्जर रेलवे लाइन का रास्ता, हादसों को दे रहा दावत
कैम्बेल रोड स्थित रेलवे लाइन के पास का रास्ता पिछले कई सालों से पूरी तरह खराब और जर्जर हालत में है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और टूटे-फूट मार्ग के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग की सुधि लेने वाला कोई नहीं है, जिससे यहां की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है।
इस रास्ते से रोजाना आने-जाने वाले लोगों का कहना है कि यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। कई बार राहगीर और दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिर जाते हैं, जिससे उनकी स्कूटियां स्लिप हो जाती हैं और लोग गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। इसके बावजूद संबंधित प्रशासन या विभाग की ओर से इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर पहले भी कई बार खबरें और शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। सवाल यह उठता है कि आखिर प्रशासन किस बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही इस जर्जर सड़क की सुध ली जाएगी और इसे दुरुस्त किया जाएगा?
अब देखना यह होगा कि इस खबर के माध्यम से प्रशासन की नींद कब खुलती है और कितनी जल्दी इस सड़क का स्थायी समाधान निकाला जाता है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया जाए, ताकि भविष्य में होने वाले बड़े हादसों को समय रहते टाला जा सके और आम जनता को इस परेशानी से निजात मिल सके।










