पठानकोट में जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना के लिए डिजिटल प्रशिक्षण कार्यशाला की शुरुआत
पठानकोट। जिला प्रशासनिक परिसर में सोमवार को जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) प्रक्रिया पर आधारित तीन दिवसीय विशेष डिजिटल प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। डिप्टी कमिश्नर-कम-प्रधान जनगणना अधिकारी डॉ. पल्लवी के दिशा-निर्देशों और अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी राजेश कुमार शर्मा की विशेष मौजूदगी में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 2 से 4 नवंबर तक चलेगा। इस कार्यशाला में जिले के सरकारी व निजी स्कूलों के शिक्षकों सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को अलग-अलग बैचों में डिजिटल प्रणाली की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है।
कार्यशाला के दौरान मास्टर ट्रेनर चतर सिंह व नवनीत शर्मा तथा फील्ड ट्रेनर देविंदर सिंह काटल, अजय कुमार, प्रभात और राकेश ने उपस्थित कर्मचारियों को ऑनलाइन पोर्टल के संचालन, डेटा एंट्री और डिजिटल प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस आधुनिक स्व-गणना प्रणाली के माध्यम से नागरिक आगामी 16 से 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपना व अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना के आंकड़े देश की शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, रोजगार और लोक कल्याणकारी योजनाओं के निर्माण में बेहद अहम भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा, जनगणना अधिनियम 1948 का उल्लेख करते हुए उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि नागरिकों द्वारा साझा की गई समस्त व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रहेगी। अंत में अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों और संस्थानों में स्व-गणना के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाएं ताकि इस राष्ट्रीय अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके।










