पंजाब को गैंगस्टर, ड्रग्स और कर्जे में डुबोया; अब भाजपा ही एकमात्र उम्मीद: अनुराग ठाकुर
- नशामुक्ति और 1500 रुपये का वादा कर सत्ता में आई सरकार ने राज्य को किया बर्बाद।
- पीजीआई सैटेलाइट केंद्र के निरीक्षण के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री ने साधा निशाना।
- टीएमसी पर भी बरसे, कहा— ‘दीदी’ की तानाशाही नीतियों के कारण हुई पार्टी में टूट।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने पंजाब की वर्तमान स्थिति को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशामुक्ति और महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने के बड़े-बड़े वादे करके सत्ता में आई सरकार ने पंजाब को पूरी तरह निराश किया है। आज पंजाब गैंगस्टर, ड्रग्स और भारी कर्जे के दलदल में डूब चुका है।

पीजीआई सैटेलाइट केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे अनुराग ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, “पिछले 10 वर्षों में पंजाब को यहां की सरकारों ने बुरी तरह से बर्बाद कर दिया है। जो राज्य कभी पूरे देश का पेट भरने के कारण ‘बाउल ऑफ इंडिया’ (Bowl of India) कहलाता था, आज उसकी स्थिति बेहद दयनीय कर दी गई है।”
पंजाब में आएगी ‘डबल इंजन’ की सरकार
सांसद ठाकुर ने देश की सुरक्षा और विकास में पंजाब के ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार इसे बर्बाद करने पर तुली हुई है। उन्होंने दावा किया कि अब पंजाब की जनता बदलाव चाहती है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तरफ बड़ी उम्मीदों से देख रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब में भी भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार बनेगी, जो राज्य को वापस विकास की पटरी पर लाएगी।

टीएमसी में फूट के लिए ‘दीदी’ की तानाशाही जिम्मेदार
पश्चिम बंगाल की राजनीति और तृणमूल कांग्रेस (TMC) में मची अंतर्कलह से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए अनुराग ठाकुर ने ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा:
”टीएमसी में केवल तानाशाही का बोलबाला था, वहां लोकतंत्र नाम की कोई चीज नहीं बची थी। वह पूरी तरह से एक परिवार की पार्टी बनकर रह गई थी। यही वजह है कि जैसे ही मौका मिला, वहां के विधायक और सांसद अब खुद के फैसले लेने लगे हैं। टीएमसी में इस समय जो पूरी फूट और टूट दिखाई दे रही है, उसके लिए सीधे तौर पर ‘दीदी’ की तानाशाही नीतियां ही जिम्मेदार हैं।”








