भरमौर में तेंदुए का आतंक: संचूई पंचायत में दो गडरियों की 14 भेड़ें मारीं, 15 लापता
5 दिनों में जंगली जानवरों के हमले की तीसरी घटना, पूलन पंचायत में भी मच चुका है कोहराम; विधायक जनक राज ने की उचित मुआवजे की मांग

भरमौर: चम्बा जिले के भरमौर क्षेत्र में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में भरमौर की संचूई पंचायत में एक तेंदुए ने दो गडरियों की 14 भेड़ों को मौत के घाट उतार दिया। इस हमले के बाद से डेरे से करीब 15 भेड़-बकरियां भी लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पिछले पांच दिनों के भीतर क्षेत्र में जंगली जानवरों के हमले की यह तीसरी बड़ी घटना है, जिससे स्थानीय पशुपालकों में भारी दहशत का माहौल है।
तड़के 3 बजे किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संचूई गांव के निवासी सतपाल ठाकुर और बुद्धि सिंह ने अपनी भेड़-बकरियों के साथ भरमाणी माता मंदिर के समीप डेरा लगाया हुआ था। सोमवार देर रात लगभग तीन बजे अचानक एक तेंदुए ने उनके डेरे पर धावा बोल दिया। तेंदुए के इस अचानक हमले में 14 भेड़ें मौके पर ही मृत पाई गईं, जबकि 15 भेड़-बकरियां डर के मारे इधर-उधर भाग गईं और अब तक लापता हैं।

वन और पशुपालन विभाग ने लिया स्थिति का जायजा
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन, वन विभाग और पशुपालन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही पशुपालन और वन विभाग के कर्मचारियों की एक संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी है।
“यह हमारी खून-पसीने की कमाई है…”
स्थानीय भेड़ पालकों—अमर सिंह, जिगरी राम, अंग्रेज सिंह, करनैल सिंह और चतरो राम ने प्रशासन व वन विभाग से प्रभावित परिवारों को तुरंत उचित आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा, “जंगली जानवरों द्वारा किए जाने वाले इन अचानक हमलों से हमारा सब कुछ तबाह हो जाता है। इस नुकसान की भरपाई करना हमारे लिए बेहद मुश्किल है, इसलिए सरकार को उदारता दिखाते हुए हमारी मदद करनी चाहिए।”

लगातार हो रहे हमलों से सहमे पशुपालक
गौरतलब है कि भरमौर घाटी में पिछले 5 दिनों के भीतर यह तीसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले पूलन पंचायत में दो अलग-अलग घटनाओं में जंगली जानवरों ने लगभग 30 भेड़-बकरियों को अपना शिकार बनाया था, जबकि वहां से भी करीब 20 भेड़-बकरियां गायब हो चुकी हैं। लगातार हो रहे इन हमलों से गडरियों और पशुपालकों की आजीविका पर संकट मंडराने लगा है।
विधायक ने उठाई मुआवजे की मांग
भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन और प्रदेश सरकार से मांग की है कि पीड़ित भेड़ पालकों को हुए भारी नुकसान का तुरंत आकलन किया जाए और प्रभावित परिवारों को उचित राहत राशि व मुआवजा प्रदान किया जाए ताकि वे इस संकट से उबर सकें।







