संजौली में तनाव: सरेआम मारपीट मामले में हिंदू संघर्ष समिति के 4 सदस्य गिरफ्तार, थाने के बाहर चक्का जाम

शिमला: राजधानी शिमला के संजौली उपनगर में एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के मामले के बाद स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई है। पुलिस ने शनिवार को कानून हाथ में लेने, दर्जी और उसके साथी के साथ सरेआम मारपीट करने तथा जुलूस निकालने के आरोप में हिंदू संघर्ष समिति की दो महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार व हिरासत में लिया है। इस पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में हिंदू संगठनों ने संजौली थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया, जिससे पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है।

भीड़ ने दुकान से घसीटकर निकाला था जुलूस
पुलिस को दी गई शिकायत में संजौली में दर्जी की दुकान चलाने वाले पीड़ित ने बताया कि शनिवार को जब वह अपने सहकर्मी के साथ दुकान में था, तब कुछ लोग एक युवती को लेकर वहां पहुंचे। उन लोगों ने युवती से पहचान से जुड़े सवाल किए। युवती द्वारा दोनों दुकानदारों को पहचानने से साफ इंकार करने के बावजूद, उग्र भीड़ ने कानून हाथ में ले लिया। आरोपियों ने दोनों दुकानदारों के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उन्हें घसीटते हुए सड़क पर लाए और नारेबाजी करते हुए उनका जुलूस निकाला।

दो आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर, दो महिलाएं भी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शनिवार को ही देवघोडी निवासी मदन ठाकुर (43) और संजौली निवासी विजय शर्मा (47) को गिरफ्तार कर लिया था। रविवार को दोनों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। इसके अलावा, पुलिस ने रविवार को कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए कल्पना शर्मा और मामले को उजागर करने वाली श्वेता चौहान को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब घटना के वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य हुड़दंगियों की पहचान करने में जुटी है।
कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: पुलिस
“युवती की शिकायत पर मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पीड़िता के बयान में उन लोगों का कोई नाम नहीं था जिनके साथ मारपीट की गई, फिर भी पुलिस हर पहलू की जांच कर रही थी। इसी बीच आरोपी विजय और मदन ने कानून अपने हाथ में लेकर जांच को गैर-कानूनी तरीके से प्रभावित करने की कोशिश की और मारपीट की। इस मामले में अब तक चार गिरफ्तारियां हुई हैं और वीडियो के आधार पर बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।” > — मेहर पंवार, एएसपी सिटी (शिमला)








