डल्हौजी: चौहड़ा डैम में डूबे युवक का तीसरे दिन भी सुराग नहीं, क्रेन से निकाली गई पिकअप जीप
एनएचपीसी के गोताखोरों और पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन, अब NDRF संभालेगी मोर्चा

डल्हौजी : डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र के तहत गोली-चौहड़ा-भलेई मार्ग पर चौहड़ा डैम के समीप लापता हुए युवक का तीसरे दिन सोमवार को भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और एनएचपीसी (NHPC) के गोताखोरों ने स्थानीय लोगों की मदद से दिनभर सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका।
हादसे का घटनाक्रम: > उल्लेखनीय है कि बीते शुक्रवार को किहार का रहने वाला एक युवक अपनी पिकअप गाड़ी लेकर पंजाब की ओर मुर्गे की सप्लाई लेने जा रहा था। इसी दौरान चौहड़ा डैम के पास अचानक उसका वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरते हुए सीधे जलाशय में जा समाया। हादसे के बाद से ही युवक लापता है।

क्रेन की मदद से बाहर निकाली गई गाड़ी
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी डल्हौजी मयंक शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम लगातार घटनास्थल पर डटी हुई है। सोमवार को कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से जलाशय में डूबी पिकअप गाड़ी को ढूंढ निकाला और उसे पानी से बाहर खींच लिया है। हालांकि, वाहन के भीतर युवक का कोई पता नहीं चला है।
विधायक और प्रशासन अलर्ट, बुलाई गई NDRF
हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए स्थानीय विधायक डी.एस. ठाकुर ने कहा:
”किहार के डांड क्षेत्र के युवक के साथ हुई यह वाहन दुर्घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। पीड़ित परिवार के साथ हमारी पूरी संवेदनाएं हैं।”

विधायक ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने एसडीएम डल्हौजी अनिल भारद्वाज से विस्तार से बात की है। जलाशय गहरा होने के कारण अब युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ (NDRF) की विशेष टीम की मदद ली जा रही है। एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर नए सिरे से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर रही है ताकि लापता युवक को जल्द से जल्द ढूंढा जा सके।








