जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण ने निकाली विशाल रैली, युवाओं को नशा मुक्त जीवन जीने का दिया संदेश

सुजानपुर । जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण (DLSA), पठानकोट द्वारा ‘नशा मुक्त पंजाब’ बनाने के संकल्प के साथ ‘यूथ अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान के तहत सुजानपुर में एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली जिला एवं सत्र न्यायाधीश और DLSA के चेयरमैन जतिंदर पाल सिंह खुरमी तथा सीजेएम रुपिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों पर आयोजित की गई।
पुल नंबर 5 से सब्जी मंडी तक जागरूकता
रैली का शुभारंभ सुजानपुर के पुल नंबर 5 से हुआ और यह मुख्य एमसी रोड से होते हुए सब्जी मंडी में जाकर संपन्न हुई। इस दौरान पैनल एडवोकेट राखिया पंडित और पीएलवी (पैरा लीगल वॉलंटियर) विनोद कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। रैली के माध्यम से स्थानीय लोगों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

6 ब्लॉकों में चलाया जा रहा है अभियान
इस अवसर पर जानकारी देते हुए पीएलवी विनोद कुमार ने बताया कि जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण के निर्देशों पर पठानकोट जिले के 6 प्रमुख ब्लॉकों—पठानकोट, सुजानपुर, नरोट जैमल सिंह, बमियाल, धार और घरोटा—में ‘यूथ अगेंस्ट ड्रग्स’ रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पंजाब की जवानी को नशे की दलदल से बाहर निकालना है।

विनोद कुमार ने कहा, “पंजाब का इतिहास बहादुरी और बलिदान का रहा है, लेकिन आज का युवा वर्ग नशे की गर्त में डूबकर अपना जीवन बर्बाद कर रहा है। विभिन्न एनजीओ के सहयोग से हम युवाओं को सही रास्ते पर लाने का प्रयास कर रहे हैं।”
मुफ्त कानूनी सहायता की दी जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को कानूनी अधिकारों के प्रति भी सचेत किया गया। पीएलवी विनोद कुमार ने बताया कि:
जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण हर जरूरतमंद को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करता है।
अनुसूचित जाति, मजदूर, दिव्यांग, जेल में बंद कैदी और जिन लोगों की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम है, उन्हें मुफ्त वकील और कानूनी मदद दी जाती है।
समय-समय पर आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालतों में लोग अपने केस लगवाकर सस्ता और शीघ्र न्याय प्राप्त कर सकते हैं।

ये रहे उपस्थित
इस मौके पर स्वामी विवेकानंद सेवा समिति के चेयरमैन राजकुमार गुफ्तार, रमेश शर्मा, करनेश महाजन, पंजाब पेंशनर एसोसिएशन के जिला प्रधान रामदास शर्मा, हीरा लाल शर्मा, मास्टर बलवंत शर्मा, अमित रंधावा, राहुल सिद्धू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।







