सिविल अस्पताल के बाहर बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण से बढ़ रहा सड़क हादसों का खतरा
सिविल अस्पताल के बाहर पैदल चलने के लिए बने फुटपाथ पर लोगों द्वारा अपने दोपहिया वाहन और गाड़ियां पार्क की जा रही हैं, जिससे यह क्षेत्र पूरी तरह से अवैध पार्किंग का अड्डा बन गया है।
फुटपाथ पर कब्जा होने के कारण आम राहगीरों और पैदल चलने वालों को मजबूरन मुख्य सड़क पर चलना पड़ रहा है, जिसके चलते आए दिन वाहन चालकों की टक्कर से दुर्घटनाएं हो रही हैं। अस्पताल के बाहर अस्थाई दुकानें और रेहड़ी-फड़ी भी अवैध रूप से लग रही हैं,
जहां सामान खरीदने के लिए रुकने वाले लोगों के कारण सड़क पर अक्सर जाम लग जाता है और कई बार गंभीर हादसे हो जाते हैं। इसके अलावा, अस्पताल के बाहर ऑटो चालकों द्वारा भी बिना किसी निर्धारित पार्किंग व्यवस्था के वाहन खड़े किए जाते हैं,
जिससे स्थिति और अधिक विकट हो गई है। इन गंभीर समस्याओं के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस व स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों और मरीजों की जान पर हमेशा खतरा मंडरा रहा है।











