शाहपुर कंडी पुलिस को मिली बड़ी सफलता, मोबाइल दुकान में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार और सामान बरामद
सुजानपुर ब्लॉक के गांव चचेली में स्थित एक मोबाइल की दुकान पर हुई चोरी के मामले में शाहपुर कंडी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने चोरी के सामान सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी धार राजेश कक्कड़ और थाना शाहपुर कंडी के प्रभारी इंस्पेक्टर मोहित टाक ने बताया कि कुछ दिन पहले चचेली गांव में स्थित द्योल मोबाइल रिपेयर की दुकान में चोरी हुई थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और दो लोगों को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी सुनील कुमार और सुशील कुमार के रूप में हुई है. दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं, जिनमें एक की उम्र 19 साल और दूसरे की करीब 23 साल है. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अदालत के निर्देशों के अनुसार चोरी हुआ सारा सामान दुकान के मालिक शेर सिंह को वापस सौंप दिया है. बरामद किए गए सामान में एक आईपैड, करीब आठ आईफोन और अन्य मशीनें व एसेसरीज शामिल हैं, और शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है.
दुकानदार शेर सिंह ने पुलिस का धन्यवाद करते हुए कहा कि पुलिस ने उनका चोरी हुआ सामान बरामद कर उन्हें वापस दे दिया है, जिसके लिए वे पुलिस के आभारी हैं. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशानुसार संपत्ति के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जा रहा है.












