मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत की बिजली डक्ट में लगी आग, तीन बच्चों समेत नौ लोग घायल
मुंबई के कुर्ला पश्चिम इलाके में मंगलवार सुबह एक 13 मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह हादसा कोहिनूर एचडीआईएल की इमारत संख्या पांच में हुआ, जहां सुबह छह बजकर 53 मिनट पर बिजली की डक्ट में अचानक आग भड़क उठी। बिजली के तारों और डक्ट के जरिए आग तेजी से फैल गई, जिससे पूरी इमारत में अफरातफरी का माहौल बन गया। आग लगने के कारण पूरी इमारत में घना धुआं भर गया, जिससे लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई अग्निशमन विभाग, स्थानीय पुलिस, बिजली कंपनी, 108 एंबुलेंस सेवा और स्थानीय वार्ड के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुबह सात बजकर 21 मिनट पर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
इस हादसे में कुल नौ लोग घायल हो गए, जिनमें पांच साल का एक बच्चा, दो किशोरियां और एक बुजुर्ग भी शामिल हैं। घायलों में से आठ लोगों को घना धुआं भरने के कारण दम घुटने की शिकायत हुई, जबकि एक व्यक्ति के दाहिने पैर में चोट आई है।
सभी घायलों को तुरंत नजदीकी राजावाडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। प्रशासन और संबंधित अधिकारी अब आग लगने के वास्तविक कारणों और उससे हुए कुल नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।











