अश्लीलता पर केंद्र की डिजिटल स्ट्राइक: फिल्म ‘केडी: द डेविल’ का गाना ‘सरके चुनर’ देशभर में बैन
सदन में गरजे अश्विनी वैष्णव: बोले- अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर समाज में नहीं परोस सकते कुछ भी

संजय दत्त और नोरा फतेही अभिनीत फिल्म ‘केडी: द डेविल’ (KD: The Devil) का गाना ‘सरके चुनर’ विवादों के बाद अब पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। गाने में अश्लीलता और आपत्तिजनक बोलों को लेकर मचे बवाल के बीच केंद्र सरकार ने कड़ा कदम उठाते हुए इसे सभी प्लेटफॉर्म्स से हटाने का आदेश दिया है। इस मुद्दे की गूंज बुधवार को लोकसभा में भी सुनाई दी।

सांसद आनंद भदौरिया ने उठाया मुद्दा
लोकसभा में शून्यकाल के दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया ने इस गाने का मुद्दा उठाते हुए इसे भारतीय संस्कृति पर प्रहार बताया। उन्होंने सरकार से मांग की कि फिल्म जगत में बढ़ती अश्लीलता पर लगाम लगाई जाए।
मंत्री का कड़ा रुख: ‘निरंकुश नहीं हो सकती स्वतंत्रता’
सांसद के सवाल का जवाब देते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सदन को सूचित किया कि सरकार ने इस पर पहले ही एक्शन ले लिया है। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा:
“अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता महत्वपूर्ण है, लेकिन इसे पूरी तरह से निरंकुश नहीं किया जा सकता। इसे समाज और संस्कृति के दायरे में रहकर ही इस्तेमाल किया जाना चाहिए। हम अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर समाज में कुछ भी नहीं परोस सकते।”

यूट्यूब और सोशल मीडिया से हटाया गया
बता दें कि ‘सरके चुनर’ गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स और कई हस्तियों के निशाने पर आ गया था। गाने के लिरिक्स को ‘अत्यधिक अश्लील’ बताते हुए इसे हटाने की मांग की जा रही थी। विवाद इतना बढ़ा कि यूट्यूब ने इसे अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया और अब सरकार के आदेश के बाद इसे पूरी तरह बैन कर दिया गया है।








