चम्बा: सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राज्य स्तरीय टीकाकरण अभियान का आगाज, एडीएम अमित मेहरा की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ

चम्बा : ( जितेंद्र मेहरा) माचल प्रदेश में महिलाओं के स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा राज्य स्तरीय सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। ज़िला चम्बा के अधिकारियों ने इस कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। ज़िला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त ज़िला दंडाधिकारी (ADM) श्री अमित मेहरा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
टीकाकरण ही है बचाव का सबसे सशक्त माध्यम: एडीएम अमित मेहरा
इस अवसर पर एडीएम अमित मेहरा ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ यह अभियान देशव्यापी स्तर पर प्रदेश भर में शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) से होने वाले इस गंभीर कैंसर को समय रहते टीकाकरण के माध्यम से रोका जा सकता है। उन्होंने ज़िलावासियों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान का लाभ उठाएं।

9 से 14 वर्ष की किशोरियों के लिए विशेष अभियान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) चम्बा डॉ. जालम भारद्वाज ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ज़िले में 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों के लिए ‘एचपीवी टीकाकरण अभियान’ शुरू किया गया है।
महत्वपूर्ण बिंदु:
- आयु सीमा में छूट: अभियान के दौरान निर्धारित आयु सीमा (15 वर्ष) में 90 दिनों की अतिरिक्त छूट भी प्रदान की जाएगी।
- प्रभावी रोकथाम: एचपीवी टीका मुख्य रूप से 16 और 18 वेरिएंट से होने वाले कैंसर को रोकता है, जो भारत में लगभग 83% सर्वाइकल कैंसर के मामलों के लिए जिम्मेदार हैं।
- उपलब्धता: यह टीका ज़िले के केवल कोल्ड-चेन युक्त सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में ही लगाया जाएगा।

प्रशिक्षित स्टाफ संभालेगा जिम्मा
सीएमओ ने बताया कि इस अभियान की सफलता के लिए एएनएम, नर्स वैक्सीनेटर, आशा व आंगनवाड़ी वर्कर और लिंक मोबिलाइजर को विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है। गर्भाशय के निचले हिस्से (सर्विक्स) का कैंसर महिलाओं में एक गंभीर समस्या है, जिसे समय पर स्क्रीनिंग और टीकाकरण से टाला जा सकता है।

ये गणमान्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम के दौरान पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा के प्रधानाचार्य डॉ. पंकज गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप, ज़िला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, ज़िला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पूरी, डॉ. वेभवी गुरंग, डॉ. सोहेल और डॉ. सुरेश सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।








