लुधियाना: कृपाल नगर में बेखौफ लुटेरे का दुस्साहस, जांबाज कारोबारी ने लहूलुहान होकर भी नहीं मानी हार

मंसूबों में नाकाम हमलावर की जनता ने की जमकर ‘खातिरदारी’, पुलिस के हवाले
लुधियाना : थाना दरेसी के अंतर्गत आते इलाके कृपाल नगर में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सिरफिरे लुटेरे ने दिन-दहाड़े कपड़ा कारोबारी सनी प्रजापति की दुकान में घुसकर लूटपाट की कोशिश की। खून सवार होकर आए इस हमलावर ने दुकान में दाखिल होते ही आतंक मचाना शुरू कर दिया, लेकिन व्यापारी की बहादुरी के आगे उसके हौसले पस्त हो गए।
विरोध करने पर दातर से किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, हमलावर ने दुकान में घुसते ही पैसों की मांग की। जब सनी प्रजापति ने अपनी मेहनत की कमाई लुटेरे के हवाले करने से साफ इनकार कर दिया, तो बौखलाए आरोपी ने हाथ में पकड़े तेजधार हथियार (दातर) से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। सनी लहूलुहान हो गए, लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय शोर मचाना शुरू कर दिया और लुटेरे से भिड़ गए।

भागते लुटेरे को पब्लिक ने घेरा, जमकर हुई ‘छित्तर-परेड’
सनी की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए। खुद को घिरता देख लुटेरे ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जनता ने उसे चारों तरफ से दबोच लिया। गुस्से से भरी भीड़ ने अपराधी को पकड़कर सरेराह उसकी जमकर ‘खातिरदारी’ की। इसके बाद लोगों ने आरोपी को घसीटते हुए थाना दरेसी की पुलिस के हवाले कर दिया।
“व्यापारी की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती”
हमले में गंभीर रूप से घायल सनी प्रजापति को आनन-फानन में सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनके शरीर पर गहरे जख्म हैं और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही थाना दरेसी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हथियार बरामद कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि क्या वह पहले भी किसी वारदात में शामिल रहा है।








