विजयी रथ पर सवार टीम इंडिया सुपर-8 में, नीदरलैंड्स को 17 रनों से दी मात

अहमदाबाद : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का दबदबा बरकरार है। ग्रुप-ए के अपने आखिरी मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड्स को 17 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने ग्रुप-ए की अंकतालिका में 8 अंकों (4 मैचों में 4 जीत) के साथ शीर्ष स्थान पर रहते हुए सुपर-8 के लिए मजबूती से कदम रखा है। अब कप्तान सूर्यकुमार यादव की नजरें इसी लय को सुपर-8 के मुकाबलों में भी कायम रखने पर होंगी।

शिवम दुबे और सूर्या का धमाका, खड़ा किया 193 का स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और अभिषेक शर्मा शून्य पर पवेलियन लौट गए। हालांकि, इसके बाद शिवम दुबे (66 रन, 31 गेंद) की आतिशी पारी और कप्तान सूर्यकुमार यादव (34 रन) के अहम योगदान की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट गंवाकर 193 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। हार्दिक पांड्या ने भी अंत में 30 रनों की उपयोगी पारी खेली।
नीदरलैंड्स की कोशिशें नाकाम, चक्रवर्ती की फिरकी में उलझे बल्लेबाज
194 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड्स को माइकल लेविट (24) और मैक्स ओ’डॉड (20) ने 35 रनों की संतुलित शुरुआत दिलाई। लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने मैक्स को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद बास डी लीडे (33) और कॉलिन एकरमैन (23) ने तीसरे विकेट के लिए 49 रनों की तेज साझेदारी कर भारतीय खेमे में थोड़ी चिंता जरूर बढ़ाई, लेकिन चक्रवर्ती ने एक बार फिर कमाल दिखाते हुए इस साझेदारी को तोड़ दिया।
नीदरलैंड्स की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 176 रन ही बना सकी। आखिरी ओवरों में नूह क्रोस और जैक लायन-कैशेट ने तेज बल्लेबाजी कर मैच को रोमांचक बनाने की कोशिश की, लेकिन जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की कसी हुई गेंदबाजी के आगे वे लक्ष्य से दूर रह गए।
गेंदबाजी का रिपोर्ट कार्ड
- वरुण चक्रवर्ती: 3 विकेट (शानदार स्पैल)
- शिवम दुबे: 2 विकेट (ऑलराउंड प्रदर्शन)
- जसप्रीत बुमराह: 1 विकेट
- हार्दिक पांड्या: 1 विकेट

प्लेइंग XI
भारत: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।
नीदरलैंड: माइकल लेविट, मैक्स ओ’डॉड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान/विकेटकीपर), ज़ैक लायन-कैशेट, रोएलोफ़ वैन डेर मर्व, लोगन वैन बीक, आर्यन दत्त, काइल क्लेन, नोआ क्रोस।








