टी20 वर्ल्ड कप: बांग्लादेश के बाहर होने से ग्रुप-C के समीकरण बदले, इंग्लैंड-वेस्टइंडीज की राह हुई आसान

आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के आगाज से पहले ग्रुप-C की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। टूर्नामेंट की शुरुआत में जिस ग्रुप को ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ माना जा रहा था, वहां अब समीकरण काफी सरल नजर आ रहे हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) द्वारा भारत में खेलने से इनकार करने के बाद आईसीसी ने कड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है और उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया है।
भारतीय उपमहाद्वीप की स्पिन मददगार पिचों पर बांग्लादेश एक बेहद खतरनाक टीम मानी जा रही थी, लेकिन उनके हटने से अब इस ग्रुप में दो पूर्व चैंपियन— इंग्लैंड और वेस्टइंडीज —का दबदबा साफ नजर आ रहा है।
हैरी ब्रूक के कंधों पर इंग्लैंड की कमान
दो बार की चैंपियन इंग्लैंड (2010, 2022) इस बार नए कप्तान हैरी ब्रूक के नेतृत्व में मैदान पर उतरेगी। ब्रूक हाल ही में मैदान के बाहर अपने व्यवहार को लेकर सुर्खियों में रहे थे, लेकिन कप्तान के तौर पर यह उनके करियर की सबसे बड़ी परीक्षा होगी। इंग्लैंड की टीम 2022 के बाद से आईसीसी टूर्नामेंट्स में संघर्ष करती दिखी है। 2023 वनडे वर्ल्ड कप में टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हुई, जबकि 2024 टी20 वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल और चैंपियंस ट्रॉफी में भी जल्दी बाहर हो गई।
ताकत और कमजोरी: इंग्लैंड के पास जोस बटलर, फिल साल्ट और बेन डकेट जैसे आक्रामक बल्लेबाज हैं। मध्यक्रम में कप्तान ब्रूक और टॉम बेंटन किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा सकते हैं। हालांकि, मार्क वुड की अनुपस्थिति और जोफ्रा आर्चर की चोट से वापसी तेज गेंदबाजी विभाग को थोड़ा कमजोर बना सकती है।
वेस्टइंडीज: ‘पावर हिटर्स’ के दम पर तीसरी ट्रॉफी की तलाश
शाई होप की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज टीम तीसरी बार खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। 2016 में जब भारत में विश्व कप हुआ था, तब वेस्टइंडीज ने ही इंग्लैंड को हराकर खिताब जीता था। टीम के अधिकांश खिलाड़ी दुनिया भर की टी20 लीग और आईपीएल का हिस्सा हैं, जिससे उन्हें भारतीय परिस्थितियों का अच्छा अनुभव है। शेरफेन रदरफोर्ड जैसे खिलाड़ी फिलहाल शानदार फॉर्म में हैं। वेस्टइंडीज अपना पहला मैच 7 फरवरी को कोलकाता में स्कॉटलैंड के खिलाफ खेलेगा।

नेपाल: तीन करोड़ प्रशंसकों की उम्मीदें
नेपाल की टीम लगातार दूसरी बार विश्व कप में अपनी चुनौती पेश करेगी। रोहित पौडेल की कप्तानी में नेपाल 8 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि नेपाल के पास इटली और स्कॉटलैंड को हराने का पूरा दमखम है। यदि वे किसी एक बड़े उलटफेर (इंग्लैंड या वेस्टइंडीज को हराना) में सफल रहे, तो वे अगले दौर का टिकट कटा सकते हैं।

चौंका सकते हैं इटली और स्कॉटलैंड
ग्रुप की अन्य दो टीमों में इटली पहली बार विश्व कप खेल रही है, जिन्हें पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर जो बर्न्स का मार्गदर्शन प्राप्त है। वहीं, स्कॉटलैंड को ‘किस्मत के सहारे’ बांग्लादेश की जगह एंट्री मिली है। हालांकि ये टीमें कागजों पर कमजोर दिखती हैं, लेकिन टी20 प्रारूप में किसी भी दिन उलटफेर करने में सक्षम हैं।








