अमेरिका का बड़ा फैसला: 75 देशों के लिए इमीग्रेंट वीजा प्रक्रिया पर रोक, भारत के पड़ोसी देश भी शामिल

वाशिंगटन: अमेरिका की नवनिर्वाचित ट्रंप सरकार ने अपनी इमीग्रेशन नीतियों को सख्त करते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। ट्रंप प्रशासन ने आगामी 21 जनवरी से दुनिया के 75 देशों के नागरिकों के लिए इमीग्रेंट वीजा (Immigrant Visa) जारी करने की प्रक्रिया पर अनिश्चितकाल के लिए रोक लगा दी है। इस फैसले की चपेट में भारत के छह पड़ोसी देश—पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, भूटान, अफगानिस्तान और म्यांमार (बरमा) भी शामिल हैं।

क्यों लिया गया यह फैसला?
अमेरिकी विदेश मंत्रालय (State Department) के अनुसार, इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य अमेरिका आने वाले विदेशियों की संख्या को नियंत्रित करना और देश की कल्याणकारी योजनाओं (Welfare Schemes) को बचाना है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि वह अपनी उस कानूनी शक्ति का उपयोग कर रहा है जिसके तहत उन लोगों को वीजा देने से रोका जा सकता है जिनके बारे में यह आशंका है कि वे अमेरिका आकर सरकारी मदद या सार्वजनिक लाभ पर निर्भर हो सकते हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा, “ट्रंप प्रशासन इमीग्रेशन सिस्टम के गलत इस्तेमाल को खत्म करना चाहता है। हम उन लोगों को रोकना चाहते हैं जो अमेरिकी टैक्सपेयर्स के पैसे का अनुचित लाभ उठा सकते हैं। जब तक जांच प्रक्रिया और नियमों की दोबारा समीक्षा नहीं हो जाती, इन देशों के लिए इमीग्रेंट वीजा प्रक्रिया रुकी रहेगी।”

पर्यटकों और बिजनेस वीजा पर असर नहीं
राहत की बात यह है कि इस नए प्रतिबंध का असर टूरिस्ट (Tourist), बिजनेस (Business) या अन्य किसी भी तरह के अस्थाई वीजा पर नहीं पड़ेगा। मंत्रालय ने यह भी साफ किया है कि इस साल होने वाले फुटबॉल वर्ल्ड कप को देखने के लिए अमेरिका आने वाले दर्शकों पर भी इस रोक का कोई प्रभाव नहीं होगा।
सोशल मीडिया की होगी सघन जांच
भले ही अस्थाई वीजा पर रोक नहीं है, लेकिन ट्रंप प्रशासन ने सुरक्षा मानकों को और कड़ा कर दिया है। अब सभी वीजा आवेदकों के सोशल मीडिया अकाउंट्स की गहनता से जांच की जाएगी। दूतावास अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तब तक आवेदनों को खारिज या होल्ड पर रखें जब तक कि नए जांच मानकों की पुष्टि नहीं हो जाती।
प्रभावित देशों की सूची में ये नाम प्रमुख
75 देशों की इस लंबी सूची में एशिया, अफ्रीका, यूरोप और दक्षिण अमेरिका के कई देश शामिल हैं। प्रमुख देशों में:
- पड़ोसी देश: पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, भूटान, अफगानिस्तान, म्यांमार।
- खाड़ी और अन्य एशियाई देश: ईरान, इराक, जॉर्डन, कुवैत, कजाकिस्तान, थाईलैंड, उज्बेकिस्तान, यमन, लाओस, लेबनान।
- अन्य: आर्मेनिया, अजरबैजान, कंबोडिया, मंगोलिया आदि।

यह रोक कब तक जारी रहेगी, इस बारे में फिलहाल अमेरिकी प्रशासन ने कोई समय सीमा तय नहीं की है। जानकारों का मानना है कि इस फैसले से हजारों परिवारों के पुनर्मिलन और स्थाई प्रवास की योजनाओं पर गहरा असर पड़ेगा।








