बॉलीवुड-क्रिकेट की चर्चित शादी टूटी: पलाश मुच्छल और स्मृति मंधाना ने किया अलग होने की घोषणा

मुंबई: बॉलीवुड और क्रिकेट जगत की सबसे बहुप्रतीक्षित शादियों में से एक, म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल और भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना की शादी अब टूट चुकी है। बीते दिनों अचानक शादी टलने के बाद सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के बीच, दोनों हस्तियों ने इंस्टाग्राम पोस्ट के ज़रिए अपने रिश्ते के खत्म होने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।

पलाश और मंधाना की शादी 23 नवंबर को होनी थी, जो स्मृति के पिता की अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण टाल दी गई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाज़ार गर्म हो गया था, जिनमें पलाश की चैट वायरल होने, एक्स-गर्लफ्रेंड से संबंध और वेडिंग कोरियोग्राफर से नज़दीकियों जैसे कई निराधार दावे शामिल थे। इस बीच, स्मृति मंधाना द्वारा अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शादी से जुड़ी तस्वीरें हटा देने से इन अटकलों को और बल मिला था।
👉 पलाश मुच्छल का भावुक पोस्ट: ‘बेबुनियाद अफवाहों से गहरा आघात’

म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट साझा करते हुए अलग होने के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “मैंने अपने जीवन में आगे बढ़ने और अपने निजी रिश्ते से पीछे हटने का फैसला किया है।” उन्होंने इस समय को बेहद मुश्किल बताया और कहा कि लोग बिना सोचे-समझे उन बेबुनियाद अफवाहों पर यकीन कर रहे थे, जिनका कोई आधार नहीं है।

पलाश ने रिश्ते को ‘बेहद पवित्र’ बताते हुए कहा कि बिना पुष्टि वाली बातों का बोझ डाल देना गहराई से चोट पहुँचाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि उनकी टीम झूठी और मानहानिकारक बातें फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।
👉 स्मृति मंधाना का वक्तव्य: ‘शादी कैंसिल हो गई है, प्राइवेसी का सम्मान करें’

वहीं, क्रिकेटर स्मृति मंधाना ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक स्पष्ट पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, “पिछले कुछ हफ्तों से मेरी जिंदगी को लेकर बहुत सारी अटकलें लगाई जा रही हैं और मुझे लगता है कि इस समय मेरे लिए खुलकर बोलना जरूरी है। मुझे यह स्पष्ट करना होगा कि शादी कैंसिल हो गई है।”
मंधाना ने लोगों से अपील की कि वे इस मामले को यहीं खत्म करें और दोनों परिवारों की निजता (प्राइवेसी) का सम्मान करें। उन्होंने आगे लिखा कि उनका मुख्य फोकस हमेशा देश का सबसे ऊंचे लेवल पर प्रतिनिधित्व करना और इंडिया के लिए खेलना रहेगा।
दोनों हस्तियों के इस बयान को अब तक की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया माना जा रहा है, जिसने बॉलीवुड और क्रिकेट की इस बहुचर्चित प्रेम कहानी के अचानक दुखद अंत पर विराम लगा दिया है।








